पर्यटन सीजन में औसत से ज्यादा रोडवेज की कमाई, सुधरेगी रोोडवेज की माली हालत

Nainital : पर्यटन सीजन में रोडवेज की इनकम में भी रफ्तार है। कुमाऊं के दो सबसे अहम काठगोदाम व हल्द्वानी डिपो रोजाना लक्ष्य से ज्यादा आय हासिल कर रहे हैं। मैदान से लेकर पहाड़ी रूट की गाडिय़ों में सवारियों की संख्या कम नहीं है। अफसरों को पूरी उम्मीद है कि मई के बाद जून में भी यात्रियों को लेकर यही स्थिति रहेगी। जिससे महकमा आर्थिक तौर पर और मजबूत होगा।
परिवहन निगम मुख्यालय से हर डिपो की रोजाना की इनकम का निर्धारण किया जाता है। जिसके बाद मासिक कमाई के हिसाब से लक्ष्य को आंका जाता है। बसों की संख्या और सीजन के मुताबिक कमाई का टारगेट तय किया जाता है। रोडवेज के मुताबिक मई में काठगोदाम डिपो की रोजाना इनकम का लक्ष्य 14.37 लाख और हल्द्वानी डिपो का 11.54 लाख है। दोनों डिपो लगातार इस लक्ष्य को हासिल कर रहे हैं। दिल्ली से लेकर नैनीताल रूट तक सवारियां ठीक मिलने से फिलहाल दिक्कत नहीं आ रही।
वाल्वो-एसी की वजह से काठगोदाम का लक्ष्य ज्यादा
हल्द्वानी डिपो रोजाना 75 और काठगोदाम 83 बसों का रूट पर संचालन करता है। सिर्फ आठ बसों की संख्या ज्यादा होने पर काठगोदाम का लक्ष्य 2.83 लाख ज्यादा हो गया। स्टेशन इंचार्ज डीएन जोशी ने बताया कि वोल्वो व एसी बसों का बेड़ा होने के कारण डिपो का लक्ष्य ज्यादा है। क्योंकि, इन बसों का किराया भी अधिक होता है।
अब लोहाघाट डिपो के जिम्मे रीठा साहिब सेवा
हल्द्वानी टू रीठा साहिब रूट पर अब रोजाना बस का संचालन हल्द्वानी की बजाय लोहाघाट डिपो करेगा। इस बाबत आदेश जारी हो चुके हैं। एआरएम हल्द्वानी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी से सुबह पांच बजे बस रवाना होगी। जबकि रीठा साहिब से सुबह 6.30 बजे।