
Uttarakhand: यात्रियों के लिए खबर है। अगर आप यमुनोत्री की तरफ सफर कर रहे हैं तो बता दें कि इस स्यानाचट्टी और रानाचट्टी के बीच सड़क धंसने से यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार को सुबह फिर बंद हो गया। हाइवे बंद होने से तेरह हजार यात्री जगह जगह फंस गए हैं। एनएच की टीम हाइवे को खोलने में जुटी हुई है।
राना चट्टी और स्यानाचट्टी के बीच बंद यमुनोत्री हाईवे गुरुवार शाम को बड़े वाहनों के लिए भी खोल दिया गया था। लेकिन शुक्रवार दोपहर हाइवे फिर बंद हो गया। इस दौरान छोटी गाडि़यों को भूस्खलन जोन से किसी तरह निकाला गया।
वहीं, एनएच के अधिशासी अभियंता राजेश पंत के मुताबिक एनएच की टीम पूरी क्षमता के साथ हाइवे को खोलने के लिए जुटी हुई है। जल्द मार्ग खोल दिया जाएगा।
आपको बता दें कि 3000 से अधिक यात्री यमुनोत्री क्षेत्र में फंसे हुए हैं। जबकि, डामटा से लेकर जानकी चट्टी तक 10 हजार से अधिक यात्री यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पर रुके हैं।