हरक सिंह रावत के खिलाफ कांग्रेसियों ने भरी हुंकार…अब शुरू हुआ इस्तीफा देने का दौर

Rudraprayag: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जंग पूरी तरह से साफ तौर पर दिखाई दे रही है। बीजेपी से हरक सिंह रावत के निष्कासन के बाद से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें भी काफी तेज हो गई हैं। जबकि इसका कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर विरोध किया जा रहा है। आलम ये है कि विरोध में आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अब इस्तीफा भी दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रुद्रप्रयाग जिला कांग्रेस महामंत्री शैलेंद्र गोस्वामी ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को सौंप दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी हाईकमान को 2016 की घटना को नहीं भूलना चाहिए, जिसमें हरक सिंह ने बगावत कर सरकार गिराई थी। उन्होंने प्रदेश में सिर्फ गलत राजनीति को बढ़ावा दिया है, जो सही नहीं है।
आपको बता दें कि 2012 में रुद्रप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस के टिकट से विधानसभा पहुंचने वाले हरक सिंह रावत ने 2016 में पार्टी से बगावत कर भाजपा का दामन थाम लिया था। जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विरोध का आलम छाया हुआ है और सभी लोग उनके कांग्रेस में दोबारा से शामिल होने के खिलाफ खड़े हो गए हैं।