Politics: वायरल वीडियो मामले में एफआईआर करेंगे पूर्व सीएम, डेढ़ महीने में तीसरी बार आया सामने, पढ़ें पूरी खबर

Dehradun: भाजपा के 20 विधायकों को साथ लेकर कांग्रेस से हाथ मिलाकर प्रदेश में सरकार बनाने की खबर वाले वायरल वीडियो को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फर्जी करार दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस वीडियो मामले में एफआईआर कराएंगे। इस बारे में वह अपने वकील से बात कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इसकी जांच कराने का अनुरोध किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने के दौरान यह तीसरा वीडियो है। इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए उन्होंने इसे एक साजिश भी बताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के जन्मजात कार्यकर्ता हैं। पार्टी को यहां तक पहुंचाने में कहीं न कहीं उनका भी योगदान है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो के बारे में वह अपने स्तर पर तो मालूम करेंगे ही, लेकिन उनकी मुख्यमंत्री से भी मांग है कि वह इसकी जांच कराएं। इसकी सच्चाई का पता लगना चाहिए।