पहले ही दिन एक घंटे के लिए रोकनी पड़ी हेली सेवा तो डीएम ने ली अधिकारियों की क्लास

Rudraprayag :केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा भी शुरू हो गई। पहले ही दिन हेली सेवा को एक घंटे रोकना पड़ा। वहीं जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा पर ध्यान देने की सख्त हिदायद दी।
नियमों का पालन न करने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को केदारनाथ के लिए उड़ान भरने वाली हिमालयन हेली कंपनी की सेवाओं को एक घंटे तक रोके रखा। कंपनी के अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की हिदायत देने के बाद हेली सेवा फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई।
नहीं किया जा रहा था यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मानकों का पालन
यात्रा के पहले ही दिन हिमालयन हेली कंपनी ने केदारनाथ हेलीपैड में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। यहां तक कि कंपनी के कर्मचारियों ने विशेष ड्रेस भी नहीं पहनी थी। इस पर गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार ने डीएम को हेली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके चलते करीब एक घंटे तक हेली सेवा रोके रखी।
जिलाधिकारी ने हेली कंपनियों के कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और हिदायत दी कि यात्रियों के सुरक्षा के मानकों पर लापरवाही न बरती जाए। इसके बाद फिर से हवाई सेवा शुरू हो गई। वहीं, केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के पहले दिन ही वीआइपी गेट पर भी भारी भीड़ जमा हो गई। यहां धक्का-मुक्की होती रही। स्थानीय नेता व बाहर से आए वीआइपी को दर्शनों के लिए लाइन में घंटों खड़े रहना पड़ा।