पेपर लीक मामले में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका, कहा-घोटाले से राज्य के युवाओं को आघात

Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के पेपर लीक मामले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अल्मोड़ा और बागेश्वर में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की। अल्मोड़ा नगर के चौघानपाटा में प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने कहा कि जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हुआ है।
जीरो टॉलरेंस की सरकार में हुए पेपर लीक घोटाले से उत्तराखंड के युवाओं को गहरा आघात लगा है। आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में शिक्षित युवाओं को पीछे धकेला जा रहा है। पेपर लीक मामले में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहां पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, प्रदेश सचिव परितोष जोशी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, कांग्रेस जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पांडेय, प्रदेश सचिव राबिन मनोज भंडारी, जिला महासचिव गीता मेहरा आदि थे।