पानी की दो बूंद को तरसें लोग, किया प्रदर्शन

Almora : रामगंगा बायीं नहर का पानी तल्ली गेवाड़ के कई गांवों में न पहुंचने से लोगों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पटलगांव में एकत्र होकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। किसानों ने वहां पहुंची सिंचाई विभाग की जेई का घेराव किया। बाद में लोग उनके आश्वासन पर शांत हो गए। लोगों ने दो दिन में पानी न पहुंचने पर कार्यालय घेराव की चेतावनी दी है।
रामगंगा बायीं नहर का पानी चिनौनी से नीचे नहीं पहुंच पाया है। इसके चलते पटलगांव, भगोती, जेठुआ सहित कई गांवों में धान की पौध सूखने के कगार पर है। लोग सूखते खेतों की सिंचाई के लिए परेशान हैं। आक्रोशित लोगों ने शाम करीब साढ़े पांच बजे पटलगांव में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने बाद में वहां पहुंची विभाग की कनिष्ठ अभियंता मंजू नेगी का पौने घंटे तक घेराव किया। उनके आश्वासन पर लोग मान गए। ग्रामीणों ने दो दिन के भीतर पानी न पहुंचने पर सिंचाई कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में सिंचाई नहर का पानी देना तो दूर सिंचाई नहर की सफाई तक नहीं की गई है। सिंचाई नहरों की मरम्मत व सफाई के नाम पर प्रतिवर्ष लाखों का खेल हो रहा है। इसके बावजूद कृषकों को किसी प्रकार की राहत नहीं है।
प्रदर्शन व घेराव में पुष्पा देवी, हेम जोशी, जानकी, भवानी, बसंती, कमला, पूजा, लीला, माया, प्रधान शंकर सिंह, चंदन सिंह बिष्ट, दया सागर वैला, महेश शर्मा, कुंदन सिंह, जगदीश नोटियाल, दयाल सिंह सहित कई कृषक शामिल थे।