PM ने काफिले को रुकवाकर एंबुलेंस को दिया रास्ता..वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी!!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गृह राज्य गुजरात में एक एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रुकवा दिया। पीएम मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद से गांधीनगर जा रहे थे।
मोदी को एक रोड पर एंबुलेंस रुकी नजर आई, उन्होंने तुरंत अपने सुरक्षा कर्मियों को अपना काफिला रोक कर एंबुलेंस को निकलने देने का निर्देश दिया। इस दौरान कुछ देर उनके काफिले के वाहन रुके रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मोदी अहमदाबाद में सभा के बाद गांधीनगर की ओर जा रहे थे।
पीएम ने वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी:
पीएम मोदी ने आज गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वे इस ट्रेन में सवार होकर गांधीनगर से अहमदाबाद के कालूपुर स्टेशन तक गए।
साढ़े पांच घंटे में मुंबई पहुंचेगी वंदे भारत:
प्रधानमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद और मुंबई के बीच शुरू हुई वंदे भारत ट्रेन देश के दो बड़े शहरों के बीच सफर को आरामदायक भी बनाएगी और दूरी को भी आठ घंटे से घटा कर साढ़े पांच घंटे कर देगी। शताब्दी ट्रेन भी छह से सात घंटे तक का समय लेती है, लेकिन वंदे भारत साढ़े पांच घंटे में अहमदाबाद से मुंबई पहुंचा देगी।