राजनीतिक हलचल: Congress में चौथी बार चुनाव के आसार..24 साल बाद होगा गैर-गांधी अध्यक्ष?

इन दिनों कांग्रेस में भूचाल आया हुआ है। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए इस बार चुनावी मुकाबले की प्रबल संभावना है। अगर ऐसा होता है तो आजाद हिंदुस्तान में यह चौथा मौका होगा जब देश की सबसे पुरानी पार्टी का प्रमुख मतदान के जरिए चुना जाएगा। हालांकि, यह लगभग तय नजर आ रहा है कि अगला कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से बाहर का होगा और यह भी 24 साल बाद होगा कि देश के इस प्रमुख राजनीतिक परिवार से अलग कोई व्यक्ति कांग्रेस की कमान संभालेगा। गांधी परिवार से बाहर के आखिरी अध्यक्ष सीताराम केसरी थे, जिनके बाद सोनिया गांधी ने पार्टी का शीर्ष पद का संभाला था।
दरअसल, इस बार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और लोकसभा सदस्य शशि थरूर के बीच चुनावी मुकाबले के आसार हैं, हालांकि कुछ अन्य उम्मीदवारों के मैदान में उतरने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। चुनाव होने पर इस बार 9000 से अधिक डेलीगेट यानी निर्वाचक मंडल के सदस्य मतदान करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि वह देश की इकलौती पार्टी है जिसके अध्यक्ष का चुनाव लोकतांत्रिक ढंग से होता है।