हाल-ए-मौसमः पहाड़ों पर पड़ सकती है जल्द बर्फबारी! शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत, यूपी में रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली। देशभर में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी शुरू हो गयी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है, जिसके चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सर्दी ने मध्य प्रदेश के भोपाल में 22 साल, पंजाब में 19 और हरियाणा में 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। पूरे उत्तर भारत में कोल्ड वेव अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में शीत लहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में ज्यादा बर्फबारी होने की संभावना है। इसके चलते यूपी-राजस्थान समेत कई राज्यों में शीतलहर बढ़ेगी।
उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां भी सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से तापमान लगातार गिर रहा है, हांलाकि पहाड़ों पर दिन में धूप खिलने से राहत जरूर मिल रही है, लेकन मैदानी इलाकों में कोहरा सितम ढा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री यानी 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी 350 रिकॉर्ड की गई, जो की खराब श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को तेज हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान लुढ़क गया। भोपाल समेत प्रदेश के इलाकों जैसे ग्वालियर, खजुराहो, नौगांव और सतना में अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हवाओं की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रही। यह शाम तक 17 किलोमीटर की रफ्तार से चलीं। पिछले 22 साल में भोपाल में जनवरी के शुरुआती तीन दिन में इतनी ज्यादा सर्दी नहीं रही।