उत्तराखंड कर्मकार बोर्ड में घोटाले रोकने के लिए बन रहा ऑनलाइन कवच, होंगे ये बदलाव

Dehradun: उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अब साइकिल आवंटन जैसे घोटाले रोकने के लिए ऑनलाइन कवच तैयार किया जा रहा है। इसमें जहां चार लाख श्रमिकों की सभी योजनाएं ऑनलाइन होंगी तो उन आवेदनों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जा रही है। वहीं, बोर्ड के बेहतर संचालन को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) भी बनाई जा रही है।
करीब दो साल से हरक सिंह रावत को हटाने और शमशेर सत्याल की ताजपोशी के बाद कर्मकार बोर्ड साइकिल आवंटन सहित कई घोटालों से चर्चाओं में रहा है। त्रिवेंद्र सरकार ने हरक को हटाकर शमशेर सत्याल को अध्यक्ष बनाया था। फिर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सत्याल को हटाकर बोर्ड भंग कर दिया था। इस बीच एजी का स्पेशल ऑडिट हुआ। घोटालों की एसआईटी जांच भी बैठाई गई। विवाद अभी भी ताजा हैं लेकिन अब बोर्ड को घोटालों से बचाने की नई जद्दोजहद शुरू हो गई है।