
विकासनगर/ देहरादून: उत्तराखंड के सीमांत उत्तरकाशी जिले के बड़कोट (डख्याटगांव) निवासी चकराता कैंट के सेनेटरी सब इंस्पेक्टर सुरेश सिंह जयाड़ा का शव तिमली के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला है। जानकारी के अनुसार 24 नवंबर से सुरेश सिंह जयाड़ा लापता थे। आज बुधवार को उनका शव पेड़ से लटका मिला है। संदिग्ध हालात में उनका शव मिलने से परिजनों में शोक की लहर है।
आपको बता दें कि देहरादून जनपद के चकराता कैंट में सेनेटरी सब इंस्पेक्टर सुरेश सिंह जयाड़ा (32) पुत्र गोपाल सिंह जयाड़ा निवासी डख्याटगांव, बड़कोट उत्तरकाशी 24 नवंबर से लापता थे। पुलिस और परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे।
पुलिस को मोबाइल सर्विलांस पर उनकी अंतिम लोकेशन 24 नवंबर को शाम चार बजे तिमली के जंगल में मिली थी। आज उनका शव तिमली के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला। शव मिलने के बाद जयाड़ा के परिजनों में शोक की लहर है। इस घटना ने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। वहीं, पुलिस हर पहलु को देखते हुए मामले की जांच कर रही है।