Uttarakhand Weather Today : मैदानी इलाकों में परेशान कर सकती है गर्मी, लेकिन पहाड़ों के लिए आई अच्छी खबर

Dehradun : मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि मैदानों में आंशिक बादल छाये रहने के आसार हैं। वहीं शनिवार को देहरादून में सुबह से चटख धूप खिल गई। जिससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश के दौर से मौसम सुहावना बना हुआ है।
वाडिया हिमालय भू-विज्ञान संस्थान में वेधशाला स्थापित की गई है, जो संस्थान के आसपास के मौसम की सटीक जानकारी एक बड़ी स्क्रीन के माध्यम से देगी। इस वेधशाला का उद्घाटन शुक्रवार को वाडिया संस्थान के निदेशक डा. कालाचांद साईं ने किया।
उन्होंने कहा कि इस वेधशाला से मौसम, वायु प्रदूषण के सभी मापदंडों जैसे तापमान, वर्षा, वायु की दिशा, वायु की रफ्तार, वायु प्रदूषण का स्तर आदि की वास्तविक (रियल टाइम मानिटरिंग) जानकारी दी जाएगी। इसकी जानकारी संस्थान में लगी एक बड़ी स्क्रीन में डिस्प्ले होगी।
आमजन वाडिया संस्थान के आसपास की मौसम की जानकारी इस वेधशाला से ले सकेंगे। कुछ वर्षों के आंकड़ों से भविष्य में होने वाले मौसम एवं प्रदूषण के स्तर में होने वाले परिवर्तन के बारे में भी बताया जा सकेगा।
पेयजल संकट गहराया, दूनवासियों के सूखे हलक
दून में गर्मी और उमस के साथ पानी का संकट भी गहराने लगा है। जल संस्थान के तमाम दावों के बावजूद पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के दो दर्जन के करीब इलाकों में लोग पानी को तरस रहे हैं। कहीं पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने तो कहीं लाइन चोक होने के कारण पानी का संकट गहरा गया है। मांग बढऩे के कारण भी पर्याप्त आपूर्ति नहीं की जा रही है। कई जगह पेयजल व्यवस्था हैंडपंप और टैंकरों के भरोसे है।