
बागेश्वरः आज मंगलवार को बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र के पोथिंग गांव में एक मानसिक रूप से परेशान महिला ने धारदार हथियार से अपना ही गला काट दिया। महिला की हालत खराब होने पर परिजन उसे सीएचसी कपकोट लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया। डाॅक्टरों ने महिला की स्थिति गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर भेजा है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कपकोट के पोथिंग गांव निवासी चंपा देवी (35) पत्नी अमर राम ने एक धारदार हथियार से अपने गले की नस काट दी। गले से खून बहने लगा तो वह चिल्लाने लगी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। घर के भीतर खून से लथपथ पड़ी चंपा को देखकर मौके पर गहमागहमी और गांव में सनसनी फैल गई। किसी तरह परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट उपचार के लिए भर्ती करवाया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्रारंभिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रवाना कर दिया गया। खून ज्यादा बहने के कारण महिला बेहोश हो गई। इसके बाद जिला अस्पताल बागेश्वर के डाक्टरों ने उसका उपचार किया और गंभीर स्थिति होने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल बागेश्वर की डा. गरिमा ने बताया कि महिला के गले की नस अधिक कट गई है। खून को रोकने की कोशिश की गई है। इएनटी सर्जन यहां नहीं है। दूसरी ओर इस बारे में थानाध्यक्ष कपकोट मदन लाल ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी का माहौल है।